कागजी साबित हो रही कन्या विश्वविद्यालय खोलने की घोषणा
रीवा. भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन टीआरएस कॉलेज इकाई अध्यक्ष पंकज उपाध्याय ने कहा कि जिले में एक और कन्या महाविद्यालय नहीं खोला गया तो शंखनाद आंदोलन किया जाएगा। मीडिया से चर्चा करते हुए उपाध्याय ने कहा कि कन्या महाविद्यालय खोलने की मांग की गई तो विश्वविद्यालय खोलने का एलान कर दिया गया, परंतु यह घोषणा कागजी साबित हुई है।
उपाध्याय ने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष ने कन्या महाविद्यालय के स्थान पर विश्वविद्यालय खोले जाने की घोषणा कर दी लेकिन कई महीने बीत जाने के बाद भी विश्वविद्यालय तो दूर छात्राओं के लिए एक नया कन्या विद्यालय तक नहीं खोला गया। इन्होंने कहा कि कमलनाथ की सरकार के उच्च शिक्षा मंत्री जीतू पटवारी ने रीवा में एक नया कन्या महाविद्यालय खोले जाने की घोषणा की थी लेकिन कांग्रेस की सरकार गिरा दी गई और उसके बाद नए कन्या महाविद्यालय खोले जाने का रास्ता भी बंद हो गया। अब जिले में छात्राओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए कन्या महाविद्यालय की स्थापना कराए जाने की मांग को लेकर उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान सत्यम मिश्रा, शिवम मिश्रा, शशिमोल तिवारी, वैशाली मिश्रा, निकिता शर्मा, प्रतीक द्विवेदी, अनुराग सिंह भी मौजूद रहे।

No comments
Post a Comment