उद्योग विभाग को आवंटित की गई भूमि
रीवा. जिले के पटेहरा में नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने की कवायद तेज हो गई है। इसके लिए कलेक्टर मनोज पुष्प ने उद्योग विभाग को भूमि आवंटित कर दी है। जिससे अब नए औद्योगिक क्षेत्र के विकास का रास्ता खुल गया है।जानकारी के अनुसार रीवा में आयोजित निवेशक सम्मेलन में वाराणसी रोड पर औद्योगिक क्षेत्र स्थापित करने का प्रस्ताव दिया गया था। जिसमें मऊगंज विधायक द्वारा भी औद्योगिक क्षेत्र स्थापित करने की मांग की गयी थी। कलेक्टर ने बताया कि उत्तरप्रदेश के निवेशक एवं उद्यमी मप्र की सीमा क्षेत्र में औद्योगिक क्षेत्र स्थापित करने की मांग कर रहे थे। उनके इस मांग को ध्यान में रखते हुए घूमा एवं कटरा में औद्योगिक क्षेत्र स्थापित करने के लिए भूमि आवंटित की गयी है। अब दूसरे चरण में पटेहरा ग्राम में रीवा वाराणसी नेशनल हाईवे क्रमांक 7 से संबद्ध 26.946 हेक्टेयर शासकीय भूमि औद्योगिक क्षेत्र स्थापित करने के लिए जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र को आवंटित की गयी है। बताया गया है कि जमीन मिलने पर आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। पटेहरा में औद्योगिक क्षेत्र के लिए भूमि आवंटित करने पर औद्योगिकरण को बल मिलेगा।
औद्योगिक विकास का रास्ता खुला
जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक यूबी तिवारी ने बताया कि रीवा जिले में औद्योगिकरण एवं आर्थिक गतिविधियों के विकास के लिए अक्टूबर माह में मुख्यमंत्री द्वारा घूमा-कटरा में 25 हेक्टेयर क्षेत्र में औद्योगिक क्षेत्र के विकास के लिए भूमिपूजन किया गया है। यह प्रयागराज एवं रीवा के मध्य नेशनल हाइवे पर स्थित होने के कारण दोनों प्रदेश के निवेशक रूचि दिखा रहे है।
No comments
Post a Comment