रीवा. मध्यप्रदेश के रीवा शहर के सिविल लाइन थाने (civil line police station) में पुलिसकर्मियों के बीच विवाद में टीआइ को गोली मारने की घटना सामने आई है। गोली मारने वाले सब इंस्पेक्टर बृजराज सिंह (Sub Inspector Brijraj Singh) उर्फ बीआर सिंह ने थाने के टीआइ चेंबर में खुद को कैद क्र लिया। ऐसे में पुलिस कंट्रोल रूम और आजाक थाना परिसर में भी लोगों को यह डर सता रहा था कि कहीं वह फायर न कर दें। हालांकि आरोपी सब इंस्पेक्टर ने ऐसी कोई और वारदात नहीं की। थाने के भीतर दोपहर 2.30 बजे टीआइ को गोली मारने की घटना के करीब साढ़े पांच घंटे के बाद पुलिस के अधिकारी बात करने थाने पहुंचे। तब आरोपी सब इंस्पेक्टर ने सरेंडर कर दिया।
जानकारी के मुताबिक उपनिरीक्षक बीआर सिंह (Sub Inspector Brijraj Singh) को चार दिन पहले सिविल लाइन थाने से हटाकर पुलिस लाइन में पदस्थ कर दिया गया था। उनके पास मामलों की डायरी थी, जिसकी विवेचना वे कर रहे थे। इन डायरी को जमा करने के लिए उनको थाने बुलवाया गया था। गुरुवार को वे उसी लिए आए और घटना को अंजाम दे दिया। उप निरीक्षक फाइल के बीच में पिस्तौल छिपाकर ले गए थे। वे सिविल ड्रेस में थे और सीधे टीआइ के कमरे में पहुंचे। वहां टीआइ के कक्ष में बैठे अन्य लोगों को बाहर निकाल कर विवाद करने लगे। गाली गलौज की आवाज बाहर तक आ रही थी। कोई कुछ समझ पाता उससे पहले ही गोली चलने की आवाज आई। घटना के बाद तत्काल सूचना अधिकारियों तक पहुंची थी। एडीजी केपी वेंकेटेश्वर राव, डीआइजी मिथिलेश शुक्ला, एसपी विवेक सिंह सीधे मिनर्वा अस्पताल पहुंचे। वहां पर टीआइ हितेन्द्रनाथ के स्वास्थ्य की जानकारी ली। इसके बाद सभी अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचने की बजाय वहीं पर घंटों रहे।
No comments
Post a Comment