रहिये अपडेट, उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में बुधवार को इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है जो दिल दहलाने वाला है। बलात्कार की शिकार हुई एक नाबालिग लड़की को खून से लथपथ हालत में मदद की गुहार लगा रही थी। अर्धनग्न अवस्था में लड़की मदद के लिए कई घरों में गई लेकिन किसी ने मदद का हाथ आगे नहीं बढ़ाए। सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि यह नाबालिग घंटेभर इलाके में घूमती है लेकिन किसी ने उसकी मदद के लिए कोई भी नहीं आया।
आखिरकार एक स्थानीय आश्रम में गुरुकुल चलाने वाले राहुल शर्मा ने उसकी मदद की। राहुल ने लड़की को पहनने के लिए कुछ दिया और दलिया, पानी और चाय पिलाई। उसने लड़की से उसके परिवार के बारे में पूछा लेकिन वह कुछ बता नहीं पाई। उसके बाद उसे पुलिस को सौंप दिया। पुलिस के मुताबिक सोमवार सुबह आश्रम के पास घायल लड़की मिली। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। वह खतरे से बाहर बताई जा रही है। पीड़िता की सर्जरी हुई है और लगातार उसकी निगरानी की जा रही है।
उज्जैन के पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा के मुताबिक, मेडिकल जांच में बलात्कार की पुष्टि हुई है। एक विशेष जांच दल गठित किया गया है। एक संदिग्ध ऑटो चालक को हिरासत में लिया है। सीसीटीवी फुटेज हासिल कर पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह वहां कैसे पहुंची।
No comments
Post a Comment