रहिये अपडेट, रायपुर। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच नक्सलियों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। पहले चरण की वोटिंग से पहले भाजपा जिला उपाध्यक्ष रतन दुबे (Ratan Dubey) की गोली मारकर हत्या कर दी। चुनाव प्रचार से लौटते वक्त नक्सलियों ने उन पर हमला कर दिया। इस वारदात के बाद से इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक नारायणपुर के भाजपा जिला उपाध्यक्ष रतन दुबे (Ratan Dubey) की कौशलनार के पास नक्सलियों ने हमला कर उनकी हत्या कर दी। वो कौशलनार बाजार में चुनाव प्रचार कर वहां से लौट रहे थे, तभी माओवादियों ने उन्हें अपना निशाना बना लिया।
छत्तीसगढ़ में प्रथम चरण में 7 नवंबर को नारायणपुर सहित 20 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होना है। वोटिंग से पहले भाजपा नेता की हत्या ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कुछ दिन पहले ही मानपुर-मोहला इलाके में भी नक्सलियों ने भाजपा नेता की हत्या कर दी थी। इस घटना के बाद भाजपा नेताओं ने आयोग से सुरक्षा देने की मांग की है।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार शाम भाजपा जिला उपाध्यक्ष रतन दुबे (Ratan Dubey) झारघाटी पुलिस स्टेशन से करीब पांच किलोमीटर पूर्व कौशलनार गांव चुनाव प्रचार करने के लिए गए थे। वहां से जब वो लौट रहे थे तभी अज्ञात माओवादियों ने उन पर हमला कर दिया और उनकी मौत हो गई।
No comments
Post a Comment