MP: सख्ती से गुस्साये रेत माफिया ने पटवारी को ट्रैक्टर से कुचलकर मार डाला, रोकने की कोशिश करते समय हुई वारदात

Monday, 27 November 2023

/ by BM Dwivedi

 


रहिये अपडेट, शहडोल। बेखौफ रेत माफिया के हौसले इतने बुलंद हैं कि, उनके अवैध कारोबार में बाधा बनाने वालों को जान से मार रहे हैं। प्रशासन की लापरवाही का ही नतीजा है कि अपराधी इस हद तक चले जाते हैं। ऐसा ही एक मामला मध्यप्रदेश के शहडोल में हुआ है। यहां अवैध खनन रोकने गए पटवारी पटवारी प्रसन्न सिंह को रेत माफिया ने ट्रैक्टर से कुचल कर मार डाला। इस जघन्य वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 30 हजार रुपए के इनाम की घोषणा रविवार को की थी। हालांकि पुलिस ने आरोपी चालक शुभम विश्वकर्मा (22) को गिरफ्तार कर लिया है। 


बिना सुरक्षा व्यवस्था के भेजा 
जानकारी के मुताबिक क्षेत्र में शुक्रवार-शनिवार को प्रशासन ने संयुक्तरूप से अभियान चलते हुए अवैध खनन पर कार्रवाई कर 30 ट्रैक्टर रेत जब्त किया था। इसके बाद ब्योहारी एसडीएम व नायब तहसीलदार ने शनिवार रात 12 बजे चार पटवारियों को बिना सुरक्षा व्यवस्था के अवैध खनन रोकने गोपालपुर खदान भेज दिया। यहां पर रेत का अवैध परिवहन किया जा रहा था। इसी दौरान पटवारी प्रसन्न सिंह ने ट्रैक्टर को रोकने की कोशिश की तो चालक उन्हें कुचलते हुए आगे निकल गया। 


पूर्व सैनिक थे पटवारी 
पटवारी प्रसन्न सिंह पूर्व सैनिक रहे थे। 2018 में सैनिक कोटे से उनका पटवारी के लिए चयन हुआ था। वे ब्योहारी तहसील में पदस्थ थे। कुमार प्रतीक, एसपी शहडोल मुताबिक पटवारी निगरानी के लिए गए थे। इसी दौरान आरोपियों ने वारदात को अंजाम दे दिया। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। 

पहले भी हो चुकी ऐसी घटनाएं 
प्रदेश में इस तरह की ये पहली घटना नहीं है। इसके पहले भी ऐसे मामले आ चुके हैं। साल  2012 में ग्वालियर के बानमौर कस्बे में आइपीएस अधिकारी नरेन्द्र कुमार को पत्थर से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के चालक ने कुचल दिया था। वहीँ 8 अक्टूबर 2023 को उमरिया जिले में अवैध खनन पर कार्रवाई करने गए रेंजर, डिप्टी रेंजर पर माफिया ने जेसीबी से हमला कर दिया था। 5 मई 2023 को सिंगरौली के रेही में रेत माफिया को पकड़ने पहुंचे एसआइ प्रदीप सिंह को आरोपियों ने ट्रैक्टर से घसीटा था। वहीँ हाल ही में 6 अक्टूबर 2023 भिंड में रेत माफिया ने पुलिसकर्मियों को घायल कर पुलिस अभिरक्षा से जब्त ट्रैक्टर ले गए थे। 


No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved