रहिये अपडेट, रीवा/सतना। चुनावी दौरे में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी गुरुवार को विंध्य के दौरे में पहुंची। यहां उन्होंने चित्रकूट और रीवा से विंध्य की 17 सीटें साधीं। इस दौरान उन्होंने मंच पर आते ही सबसे पहले लोगों का अभिवादन किया और फिर कांग्रेस की घोषणाएं एक-एक कर गिनाईं। इसके बाद उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर तीखे प्रहार किए। प्रियंका ने कहा, प्रदेश की जनता को 18 साल से लोगों को ठगा जा रहा है, यहां की जनता अपने नेता से सवाल करना भूल चुकी है। उन्होंने अपने पिता राजीव गांधी को याद करते हुए बताया कि जब वो अपने संसदीय क्षेत्र जाते थे तो वहां की जनता उनसे सवाल करती थी। पूछती थी कि इस काम के लिए वादा किया था, लेकिन अब तक क्यों नहीं हुआ। तब प्रधानमंत्री रहते हुए भी वो उनसे मोहलत मांग कर काम को पूरा कराते थे, लेकिन आज की जनता सवाल ही नहीं करती अपने नेता से।
Also Read: चुनावी दंगल में 472 दागी, कांग्रेस के 61 व भाजपा के 23 उम्मीदवारों पर गंभीर अपराध, 19% की छवि आपराधिक
रिश्ता तो निभाने से बनता है, वर्ना...
प्रियंका ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर हमला करते हुए बोलीं कि वे खुद को मामा बताते रहे, पर जरूरतें नहीं पूरी कीं। रिश्ता तो निभाने से बनता है, वर्ना मामा तो कंस भी था। प्रियंका ने कहा कि दादी इंदिरा गांधी को कभी मामी-चाची बताने की जरूरत नहीं पड़ी। उन्होंने काम करके दिखाया, इसलिए आज भी लोग उन्हें याद करते हैं। मोदी और भाजपा को इस बात से चिढ़ है कि लोग इंदिरा का नाम क्यों लेते हैं।
विंध्य से पं. नेहरू का बड़ा लगाव था
रीवा में प्रियंका ने कहा, विंध्य से पं. नेहरू का बड़ा लगाव था। वे यहां चचाई वाटरफॉल देखने के लिए आते थे। शहीद होने से पहले पिता राजीव गांधी भी रीवा आए थे। रीवा में मौजूद सैनिक स्कूल, इंजीनियरिंग कॉलेज, हॉस्पिटल सहित अन्य कई चीजें कांग्रेस कार्यकाल की ही देन हैं। हमें 5 साल दीजिए और बहुमत से जिताइए।
No comments
Post a Comment