रहिये अपडेट, रीवा। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने रीवा में अनुसूचित जाति-जनजाति कार्यकर्ता प्रशिक्षण कार्यक्रम को संबोंधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी कमजोर वर्गों के साथ हर समय खड़ी रही है। इन्हें न्याय दिलाने के लिए कई बड़े निर्णय भी कांग्रेस की सरकारों ने लिया। सिंह ने कहा कि आजादी के बाद जब देश का नया संविधान बनाने की बात आई तो गांधी जी ने भीमराव अंबेडकर का नाम चुना। उनका मानना है कि जो व्यक्ति प्रताड़नाओं और समस्याओं को देखकर आया है वह कमजोर वर्ग के लिए अच्छा कानून भी बनाएगा। उन्होंने कहा कि डाक्टर अंबेडकर द्वारा बनाए गए संविधान को भाजपा के लोग बदलना चाहते हैं। इन्हें कांग्रेस पार्टी ही रोक सकती है। इसलिए अनुसूचित जाति और जनजाति वर्ग के हर व्यक्ति को कांग्रेस के साथ खड़े होना होगा तभी संविधान बचेगा। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव से पहले सभी कार्यकर्ता बस्तियों में जाएं और भाजपा के कार्यों को बताएं कि किस तरह से संविधान का स्वरूप बदला जा रहा है। इस दौरान फूल सिंह बरैया ने भी कहा कि भाजपा कुछ पूंजीपतियों की पार्टी बनकर रह गई है। इसमें अब कुछ चिन्हित लोगों को लाभ पहुंचाने के हिसाब से काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति और जनजाति के लोग खुलकर कांग्रेस के साथ आएं और जो भी प्रत्याशी हो उसके लिए पूरी तन्मयता से काम करें। इस दौरान सीडब्ल्यूसी मेंबर कमलेश्वर पटेल, जिला अध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा, महापौर अजय मिश्रा, पूर्व विधायक विद्यावती, रामगरीब कोल, एमआईसी मेंबर धनेन्द्र सिंह बघेल, सुंदरलाल चौधरी सहित अन्य कई लोग मौजूद रहे।
श्रीनिवास तिवारी के भतीजे के घर भी पहुंचे
अपने रीवा प्रवास के दौरान दिग्विजय सिंह ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष श्रीनिवास तिवारी के भतीजे गोविंददास के घर भी पहुंचे। जहां पर वह काफी देर तक लोगों एवं उनके परिवार के सदस्यों से मिले। इस दौरान पार्टी के अन्य कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। बतादें कि श्रीनिवास तिवारी के पौत्र सिद्धार्थ भाजपा में चले गए हैं और त्योंथर से विधायक चुने गए हैं। इस कारण परिवार के दूसरे लोगों को कांग्रेस से जोड़े रखने के प्रयास के तहत यह कार्यक्रम माना जा रहा है।
No comments
Post a Comment