Rewa: स्वच्छता सर्वेक्षण में रैंकिंग सुधार से बढ़ा उत्साह, रीवा ने देश में बनाया 42वां स्थान और राज्य स्तर में मिला दसवां स्थान

Thursday, 11 January 2024

/ by BM Dwivedi

रहिये अपडेट,  रीवा। स्वच्छता सर्वेक्षण 2023 का परिणाम जारी हो गया है। जिसमें रीवा नगर निगम ने अपनी पुरानी स्थिति में सुधार किया है। पिछले वर्ष मिली रैंक में 13 नंबर आगे बढ़कर देशभर में 42वां स्थान हासिल किया है। वहीँ राज्य स्तर पर रीवा का 10वां स्थान है। रैंकिंग में सुधार होने के चलते पूरे शहर के लोगों ने प्रसन्नता जाहिर की है। बतादें कि रैंकिंग में बीते कुछ वर्षों से लगातार सुधार हुआ है, जिससे अब संभावना भी बढ़ी है कि आने वाले दिनों में शहर को और बेहतर रैंक हासिल हो सकती है। पूर्व के वर्षों में स्वच्छता के लिए अच्छे काम करने के बाद भी नगर निगम पिछड़ जाता था। इसकी प्रमुख वजह रही कि डाक्यूमेंटेशन जिस तरह से होना चाहिए उस तरह से नहीं हो पाता था। इस बार निगम प्रशासन ने पूरी निगरानी बढ़ाई और आउटसोर्स कंपनी और वालेंटियर्स के साथ मिलकर मानकों के अनुरूप काम कराए। यही वजह रही कि समय पर स्वच्छता सर्वे से जुड़ी जानकारी पोर्टल पर अपलोड की जाती रही। सर्वे के लिए फील्ड विजिट पर टीम आई तब भी स्वच्छता से जुड़ी व्यवस्थाएं ठीक पाई गईं। बीते कई वर्षों से शहर में स्वच्छता सर्वेक्षण हो रहा है, जिसके चलते अब शहर के लोगों में अपने शहर को बेहतर स्थान पर लाने के लिए मानसिकता भी बढ़ रही है। लोग स्वयं सर्वे से जुड़े आनलाइन फीडबैक में हिस्सा लेने लगे हैं और डोरटूडोर कचरा कलेक्शन में सूखा और गीला कचरा अलग देने लगे हैं। यही कारण रहा कि अन्य वर्षों की तुलना में रीवा को नेशनल और प्रदेश स्तर पर अच्छी रैंक मिली है। इस पूरे सर्वे में देशभर से 4447 शहरों ने हिस्सेदारी की थी। 


डंप साइट पर कचरे के प्रसंस्करण में नहीं मिले अंक
सर्वे के दौरान कई तरह की व्यवस्थाओं का आंकलन किया गया। जिसमें सबसे खराब स्थिति डंप साइट पर कचरे के प्रसंस्करण की रही है। इसमें शून्य ग्रेडिंग रही है। जिसकी वजह से मुख्य रैंकिंग में भी असर पड़ा है। नगर निगम ने शहर के नजदीक कोष्टा में डंप साइट बना रखा है जहां पर लंबे समय से कचरा डंप किया गया है। इस कचरे के प्रसंस्करण के लिए सर्वे में कोई इंतजाम नहीं पाया गया। पब्लिक टायलेट की सफाई में जरूर सबसे बेहतर स्थिति रही है। इसमें पूरे शतप्रतिशत अंक मिले हैं। सर्वे दल ने डोर टू डोर कचरा कलेक्शन में रीवा को ९९ प्रतिशत अंक दिए हैं।


जीएफसी में स्टार रेटिंग से सुधरी सर्वे की रैंक
स्वच्छता सर्वे की रैंकिंग से पहले ही गारबेज फ्री सिटी के लिए मिली थ्री स्टार रेटिंग  से बड़ी राहत मिली है। 1375  अंक के इस सर्वे में रीवा को ७२५ अंक मिले। पिछले वर्ष इसके बहुत कम अंक थे। नगर निगम में स्वच्छता सर्वे में डाक्यूमेंटेशन सहित अन्य व्यवस्थाओं में सहयोग कर रहे जीशान खान ने बताया कि पिछली रैंकिंग में जिन बिन्दुओं में कम अंक मिले थे उन पर फोकस रहा है। इस बार कई नवाचार हुए। जिसमें थ्री आर पार्क, कबाड़ का पार्क, पूरे शहर में स्वच्छता से जुड़े पेंटिंग, हर मोहल्ले की एक आदर्श गली बनाई, बैक लेन और फ्रंटलेन को बेहतर किया गया। इस बार सफाई को लेकर रीवा के नागरिकों ने अच्छा फीडबैक दिया है।  

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved