रहिये अपडेट, रीवा। जर्जर मकान की दीवार गिरने से 4 बच्चों की मौत हो गई। घटना गढ़ कस्बे की है। शनिवार दोपहर बच्चे स्कूल से घर लौट रहे थे। तंग गली में सनराइज पब्लिक स्कूल के पास यह हादसा हुआ है। दीवार ढहने से 8 बच्चे और 1 महिला अभिभावक मलबे में दब गए। मरने वालों में तीन बच्चे एक ही परिवार के थे, और भाई - बहन हैं। घायलों को मलबे से निकालकर गंगेव सामुदायिक स्वस्थ्य केंद्र लाया गया। बच्ची और महिला को गंभीर हालत में रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया है। दुर्घटना की सूचना मिलते ही विधायक मनगवां नरेन्द्र प्रजापति, कलेक्टर प्रतिभा पाल तथा पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह ने तत्काल दुर्घटना स्थल पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य कराया। मौके पर पुलिस अधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी तथा बचाव दल तैनात है।
बताया जा रहा है कि 'दीवार जर्जर हालत में थी। दो नामदेव भाइयों की ये दीवार थी। उनके बीच विवाद था कि इसे कौन हटाएगा। स्कूल संचालक और पेरेंट्स इसे गिराने को कह चुके थे। लेकिन शनिवार को बारिश की वजह से दीवार ढह गई जिसकी चपेट में बच्चे आ गये। हादसे में जिन बच्चों की मौत हुई उनमें एलकेजी की अंशिका गुप्ता (5) पिता सुरेंद्र गुप्ता, दूसरी कक्षा की मान्या गुप्ता (7) पिता वीरेंद्र गुप्ता, एलकेजी के सिद्धार्थ गुप्ता (5) पिता वीरेंद्र गुप्ता और अनुज प्रजापति पिता इंद्रपाल प्रजापति शामिल हैं। वहीं चौथी कक्षा की रक्षा गुप्ता (7) पिता सुरेंद्र गुप्ता और अभिवावक रानी प्रजापति पति इंद्रपाल प्रजापति को गंभीर हालत में संजय गांधी अस्पताल रीवा रेफर किया गया है।
बच्चे स्कूल से छुट्टी के बाद घर
दुर्घटना के संबंध में एसडीएम मनगवां पीएस त्रिपाठी ने बताया कि बच्चे स्कूल से छुट्टी होने के बाद घर जा रहे थे। तभी स्कूल से कुछ ही दूरी पर एक जर्जर कच्चे मकान की दीवार अचानक ढहने से 8 बच्चे दब गए। ग्रामीणों तथा पुलिस ने मिलकर तत्काल बच्चों को मलबे से निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र गंगेव में भर्ती कराया। दुर्घटना में चार बच्चों की दुखद मौत हो गई है। मौके पर जर्जर एक अन्य मकान को गिराने की कार्यवाही की गई है।
इसे भी पढ़ें : खजुराहो के लिए रीवा और सिंगरौली से भी मिलेगी वायु सेवा, पीएम श्री पर्यटन वायु सेवा का नया शेड्यूल जारी
मुख्यमंत्री एवं उपमुख्यमंत्री ने बच्चों की मौत पर दुख व्यक्त किया
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने दीवार गिरने की दुर्घटना में मृत बच्चों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा है कि ईश्वर दिवंगत बच्चों की आत्मा को शांति प्रदान करे। दुर्घटना में घायलों को शीघ्र स्वस्थ करे। जिन परिवारों ने अपने मासूम बच्चों को खोया है उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। दुर्घटना में मृत बच्चों के परिजनों को शासन की ओर से दो-दो लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। वहीं उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने इस दु:खद घटना पर गहन शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत कष्टकारी एवं दुखद है। उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार सभी परिजनों के साथ है। शुक्ल ने दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिजनों को यह असहनीय कष्ट सहन करने की क्षमता प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है।
No comments
Post a Comment