रहिये अपडेट, रीवा. कमिश्नर कार्यालय सभागार में आयोजित साप्ताहिक समीक्षा बैठक में कमिश्नर बीएस जामोद ने कहा कि मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग वर्षा के कारण क्षतिग्रस्त सड़कों में सुधार का कार्य तत्काल शुरू कराएं। रीवा में 23 अक्टूबर को रीजनल इंडस्ट्रियल कॉनक्लेव का आयोजन होगा। इसके पूर्व रीवा शहर को जोड़ने वाली सभी प्रमुख सड़कों एवं पुलों एवं ओवरब्रिाजों में सुधार के कार्य हो जाना चाहिए। साथ ही कमिश्नर ने बैठक से बिना सूचना अनुपस्थित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस देने के निर्देश भी दिए।
कमिश्नर ने कहा कि रीजनल इंडस्ट्रियल कॉनक्लेव में उद्योग, कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, खाद्य प्रसंस्करण तथा अन्य संभावित उद्यमों की स्थापना के लिए निवेश प्रस्तावों को पोर्टल पर अपलोड कराएं। अब तक लगभग 1300 करोड़ रुपए के प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इसके आयोजन के लिए कृष्णा राजकपूर ऑडिटोरियम में आवश्यक प्रबंध करें। इस मौके पर आयुक्त ने कहा कि सभी अधिकारी क्षेत्र में भ्रमण के दौरान विभागीय कार्यों के साथ स्कूलों और आंगनवाड़ी केन्द्रों का निरीक्षण करें। इनकी व्यवस्थाओं को बेहतर करने में योगदान दें। वहीं मुख्य अभियंता विद्युत वितरण कंपनी बिजली लाइनों में सुधार तथा खराब ट्रांसफार्मर सुधारने के कार्य प्राथमिकता से कराएं। सिंचाई शुरू होते ही बिजली की मांग तेजी से बढ़ेगी। उन्होंने खाद के आवंटन, उठाव और वितरण कराने के साथ खाद और बीज के नमूने लेकर इनकी नियमित रूप से जांच करने को कहा है।
सीएम हेल्पलाइन प्रकरणों के निराकरण में तत्परता बरतें
कमिश्नर ने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग, पेंशन प्रकरण, राजस्व, खाद्य, ग्रामीण विकास विभाग, पीएचई, वित्त विभाग तथा अन्य कई विभागों में सीएम हेल्पलाइन के हजारों प्रकरण लंबित हैं। इनके निराकरण के लिए विशेष प्रयास करें। इस दौरान अपर कलेक्टर सपना त्रिपाठी, उपायुक्त दिव्या त्रिपाठी, मुख्य अभियंता लोक निर्माण विभाग संजय खाण्डे, मुख्य अभियंता विद्युत मण्डल आईके त्रिपाठी, क्षेत्रीय संचालक स्वास्थ्य डॉ. केएल नामदेव, संयुक्त संचालक शिक्षा एसके त्रिपाठी, संयुक्त संचालक महिला एवं बाल विकास ऊषा सिंह सोलंकी अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

No comments
Post a Comment