रीवा। रीजनल इंडस्ट्रियल कांक्लेव के आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। परिसर के आसपास अव्यवस्था और कमियों को सुधारने का कार्य शुरू कराया गया है। कालेज चौराहे से लेकर सिरमौर चौराहे तक सड़क किनारे मिट्टी फिलिंग कराई जा रही है। इसमें फूल एवं सौंदर्यीकरण से जुड़े पौधे लगाए जाएंगे और बड़े आकार के गुलदस्ते भी रखे जाएंगे। सड़क किनारे लगे पेवर ब्लाक को वहां पर व्यवसाय करने वाले लोगों ने खराब कर दिया था। इसे भी सुधारने का कार्य किया जाएगा। आडिटोरियम के बाउंड्रीवाल का रंगरोगन भी शुरू कर दिया गया है। अधिकारियों ने कहा है कि पूरे परिसर का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
कालेज चौराहा से लेकर सिरमौर चौराहे के बीच बड़ी संख्या में गुमटियां और ठेले सड़क पर लग रहे हैं। इन्हें हटाना प्रशासन के लिए चुनौती है। इन पर जब भी कार्रवाई होती है, अधिकारियों पर राजनीतिक दबाव की वजह से कार्रवाई बीच में ही रोकनी पड़ती है। अब बड़ा आयोजन किया जाना है। जिसमें मुख्यमंत्री के साथ ही कई मंत्रियों और बड़े अधिकारियों के साथ ही देश के कई हिस्सों से उद्योगपति भी आएंगे। इस कारण कार्यक्रम स्थल के पास व्यवस्थाएं बेहतर करने के प्रयास शुरू किए गए हैं।

No comments
Post a Comment