थ्रीडी प्रिंट की कलाकृतियां स्वच्छता सर्वेक्षण में बनेंगी आकर्षण, इंदौर की तर्ज पर रीवा में भी शुरू किया गया कार्य, कोलकाता से आए कलाकार

Wednesday, 6 November 2024

/ by BM Dwivedi

रीवा। स्वच्छता सर्वेक्षण के लिए हर साल कुछ नवाचार किया जाता है। इसी कड़ी में इस बार नगर निगम ने शहर में थ्रीडी प्रिंट की कलाकृतियां बनवाने की तैयारी की है। इसके लिए कोलकाता से कलाकारों की टीम रीवा पहुंची और स्ट्रक्चर तैयार करने का कार्य प्रारंभ कर दिया है। थ्रीडी प्रिंट की कलाकृतियां शहर के सिरमौर चौराहा सहित कई अन्य प्रमुख स्थानों पर लगाई जाएंगी। इस तरह का प्रयोग सबसे पहले इंदौर नगर निगम ने किया था, अब रीवा भी उसी तरह से थ्रीडी वालप्रिंट कराने की तैयारी शुरू कर दी है। नगर निगम ने अनूपपुर के खरे आर्ट एंड डिजाइन कंपनी को इसकी जिम्मेदारी दी है। कंपनी ने कोलकाता से कलाकारों को बुलाया है। नगर निगम कार्यालय परिसर में ही थ्रीडी वालपिं्रट तैयार करने के लिए स्ट्रक्चर बनाया जा रहा है। इसके बाद प्लास्टर आफ पेरिस से चित्र तैयार कर चिन्हित स्थानों पर लगाया जाएगा। नगर निगम में स्वच्छता का कार्य देख रहे विकास पांडेय ने बताया कि सर्वेक्षण के निर्धारित मानकों के अनुसार व्यवस्थाएं की जा रही हैं। पहली बार थ्रीडी प्रिंट बनाए जा रहे हैं, यह लंबे समय तक चलेंगे और हर साल बनवाने की जरूरत नहीं होगी।

वाटर एवं फायर प्रूफ होगा चित्र
थ्रीडी के जो चित्र बनाए जा रहे हैं, इनकी कई विशेषताएं भी हैं। कोलकाता से आए कलाकार सोमित विश्वास ने बताया कि यह प्रिंट प्लास्ट आफ पेरिस से तैयार किए जाएंगे। इनकी विशेषता है कि ये वाटर प्रूफ और फायर प्रूफ दोनों हैं। जल्द खराब नहीं होंगे और कई वर्षों तक चलेंगे। सोमित ने बताया कि रिलीप्स कल्चर के तहत इस तरह के चित्र बनाए जाते हैं। पहले मिट्टी से स्ट्रक्चर तैयार किया जाता है, इसके बाद चित्र बनाए जाते हैं। इसके लिए दस से पंद्रह दिन तक समय एक चित्र तैयार करने लगाने में लग जाते हैं। इसके पहले गुजरात के अक्षरधाम में भी इस तरह की चित्रकारी कर चुके हैं। सात लोगों की टीम रीवा में आई है।

पूरे शहर में होगा रंगरोगन
पूर्व के वर्षों की तरह इस वर्ष भी शहर में रंगरोगन का कार्य किया जाएगा। इस बार दो तरह की चित्रकारी कराई जाएगी। एक तो वाल पेंटिंग का कार्य है जिसमें अलग-अलग तरह के चित्र दीवारों में बनाए जाएंगे। वहीं फ्लाईओवर में थ्रीडी प्रिंट कराया जाएगा। दोनों कार्यों के लिए अलग-अलग टीमें लगी हुई हैं। थ्रीडी प्रिंट के लिए फ्लाईओवर के पिलर में अलग-अलग तरह के चित्र बनाए जाएंगे। जिसमें प्रकृति, पर्यावरण, आस्था, विज्ञान, निर्माण, शिक्षा, स्वास्थ्य जैसे विषयों से जुड़े संदेश भी चित्रों के जरिए दिए जाएंगे। सफेद बाघ का भी थ्रीडी प्रिंट सिरमौर चौराहे में बनाया जाएगा।

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved