धूमधाम से मनाया गया दीपावली का पर्व, दीये से रोशन हुये घर-आंगन, फूंक दिए करोड़ों के पटाखे

Friday, 1 November 2024

/ by BM Dwivedi

रीवा. जिलेभर में दीपावली का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया और दीये की रोशनी से घर-आंगन जगमगा उठे। रंग-बिरंगी रोशनी से जगमग घरों में मां लक्ष्मी व भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की गई और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। लोगों ने एक-दूसरे को प्रसाद वितरण कर त्योहार की खुशियां बांटी। इसके बाद बच्चों ने जहां फुलझड़ियां जलाई वहीं देररात तक आतिशबाजी की गई। रातभर तेज पटाखों के शोर से पूरा शहर गूंजता रहा। ग्रामीण क्षेत्रों में भी परंपरागत दीवाली की धूम रही। 

शहर में गुरुवार को दीपावली पर्व लोगों ने परंपरागत रूप से मनाया। सुबह से बाजार भरा रहा और देररात तक चहल-पहल बनी रही। लोगों ने खूब खरीदारी की तथा शुभचितकों, मित्रों को उपहार भी भेंट किए। महिलाओं और बच्चों ने आकर्षक रंगोली बनाकर घरों को सजाया था। वहीं रात में शुभ मुहूर्त पर घर-घर में लक्ष्मी व गणेश का विधि विधान से पूजन किया गया। इसके बाद बच्चों ने आतिशबाजी शुरू की और पटाखें फोड़ने का दौर देररात तक चलता रहा। इस दौरान व्यापारियों ने अपनी बही-खाते की पूजा तो कई साधकों ने रात के मुहूर्त में तंत्र साधना भी की। 

मां लक्ष्मी और गणेश की विधिवत पूजा
शाम को शुभ मुहूर्त में मां लक्ष्मी और गणेश की पूजा की गई। घरों मेंं महिलाओं ने लक्ष्मी और गणेश की प्रतिमाओं को चौक में विराजित किया। इसके बाद दीप जलाकर आरती उतारी गई। वहीं विविध सामग्री अर्पित कर खुशहाली के लिए आशीर्वाद मांगा। कई लोगोंं ने मंदिरों में भी पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद मांगा।  

आतिशबाजी से सतरंगी हुआ आसमान
शाम ढलते ही शहर में जब पटाखों का दौर शुरू हुआ तो रंग-बिरंगी आतिशबाजी से आसमान सतरंगी हो गया। फुलझड़ियों की रोशनी और पटाखों के शोर से देररात तक शहर गुंजायमान रहा। आतिशबाजी में बच्चों के साथ महिलाएं और युवा भी शामिल हुए। रंग-बिरंगे पटाखे आसमान में छोड़े गए जिनकी झिलमिल रोशनी देररात ततक लोगों के आकर्षण का केन्द्र रही।  

मिठाई की दुकानों में रही लंबी कतार
दीपावली के दिन मिठाई की भारी बिक्री हुई। शहर की मिठाई दुकानों में सुबह से ही लंबी कतार लग गई थी, जो देररात तक चलती रही। पूजा साम्रगी के साथ ही सबसे ज्यादा बिक्री मिठाइयों की हुई। हर मार्केट में मिठाई की दुकानों में भारी भीड़ देखी गई। वहीं दुकानदार भी मनमानी रेट पर मिठाई की बिक्री करते रहे। 

दीपावली पर फूंक दिए ६ करोड़ के पटाखे 
दीपावाली पर खरीदने के लिए मॉडल स्कूल के ग्राउंड में लगाए गए पटाखा बाजार में  भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने मिठाई से कहीं ज्यादा पटाखे और फुलझड़ियां खरीदीं। पटाखा व्यापारी कुलदीप गुप्ता की माने तो इस दीपावली पर करीब छह करोड़ रुपए पटाखे पटाखे बिक गए। बताया कि दीवाली के दिन पटाखों की खूब बिक्री हुई। शहरवासियों ने छह करोड़ के पटाखे फूंक दिए। जिससे शहर के वातावरण में प्रदूषण का स्तर भी बढ़ गया है। 

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved