नारी अत्याचार और नशा कारोबार के विरोध में कांग्रेस का धरना, तीन दिवसीय धरने में शामिल हुए विधायक, जिलाध्यक्ष और पूर्व सांसद

Friday, 1 November 2024

/ by BM Dwivedi

रीवा.  कांग्रेस पार्टी के द्वारा सिरमौर चौराहा में राजीव गांधी की प्रतिमा के पास जनहित के मुद्दे जैसे अवैध मादक पदार्थों की बिक्री, आएदिन महिलाओं, बेटियों के साथ हो रही अत्याचार की घटनाओं तथा जिले की लचर कानून व्यवस्था आदि विषयों को लेकर धरना किया जा रहा है। जिसमें कांग्रेस के विधायक अभय मिश्रा, जिलाध्यक्ष द्वय राजेन्द्र शर्मा और लखनलाल खंडेलवाल सहित पूर्व सांसद राजमणि पटेल शामिल हो रहे हैं। 

इस मौके पर विधायक मिश्रा ने कहा कि धरना-प्रदर्शन को शासन-प्रशासन के द्वारा लगातार समाप्त कराने का दबाव बनाया जा रहा है। कांग्रेस पार्टी के सिपाही शासन-प्रशासन की गीदड़ भभकी से पीछे हटने वाले नहीं है। वहीं पूर्व राज्यसभा सांसद पटेल ने कहा कि हम सब का यह कर्तव्य है कि कांग्रेस पार्टी के साथी इस लड़ाई को पूरी ताकत के साथ लड़ने में अपना सहयोग करें। उन्होंने कहा कि रीवा जिले में अवैध रूप से शराब, गांजा, नशीली सिरप की बिक्री बड़े पैमाने पर की जा रही है। जिसे रोकने में जिले की पुलिस पूरी तरह से नाकाम है। वहीं महिलाओं और बेटियों के साथ आएदिन अमानवीय घटनाएं हो रही हैं। हद तो यह है कि रीवा की पुलिस सामूहिक बलात्कार जैसी घटनाओं को भी दबाने का काम करती है। लेकिन कांग्रेस हमेशा पीड़ितों के साथ खड़ी और पुलिस प्रशासन के मनमानी के खिलाफ हर स्तर पर लड़ाई लड़ेगी। वहीं जिलाध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा ने बताया कि 2 नवंबर को भी धरना चलता रहेगा। जिसमें सभी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी ११ बजे अनिवार्य रूप से शामिल हों। धरना में प्रमुख रूप से पूर्व विधायक लक्ष्मण तिवारी, गिरीश सिंह, कुंवर सिंह, विनोद शर्मा, अरूण तिवारी मुन्नू, जितेन्द्र सिंह सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता धरने में शामिल रहे।  

रीवा बंद का एलान
जिले में नारी अत्याचार, अपराध और नशा कारोबार के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा 3 नवंबर को रीवा बंद का एलान किया गया गया है। जिलाध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारियों ने व्यापारियों से रीवा बंद में सहयोग करने की अपील की है। 


No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved