रीवा। कक्षा पांच और आठ की परीक्षाएं सोमवार से प्रारंभ हो गईं। इस परीक्षा के संचालन के लिए जिले में 470 परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। इस परीक्षा का आयोजन बोर्ड परीक्षा की तर्ज पर हो रहा है। इसके लिए जिला शिक्षा केन्द्र द्वारा टीमें तैनात की गई हैं जो विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस परीक्षा के लिए जिले में कक्षा पांचवीं और आठवीं की परीक्षा बोर्ड परीक्षा की तर्ज पर आयोजित करने के लिए राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा पहले ही निर्देश जारी किए गए थे।
इसके लिए लगातार राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा जानकारी भी ली जा रही है। रीवा और मऊगंज जिले में इस परीक्षा के लिए निर्धारित 470 परीक्षा केन्द्रों में कक्षा पांच में 43 हजार और कक्षा आठ में 37 हजार परीक्षार्थी पंजीकृत किए गए हैं। परीक्षा का समय दोपहर दो बजे से सायं के साढ़े चार बजे तक निर्धारित किया गया है। परीक्षा केन्द्रों में छात्रों की उपस्थिति सीधे पोर्टल पर अपडेट करने का निर्देश है। देर शाम तक कई परीक्षा केन्द्रों की जानकारी अपडेट नहीं होने पर भोपाल से इसकी रिपोर्ट मांगी गई, जिस पर जिला परियोजना समन्वयक ने तकनीकी समस्या का हवाला देते हुए देर शाम रीवा और मऊगंज जिले की जानकारी भेजी।

No comments
Post a Comment