रीवा. नगर निगम आयुक्त डॉ. सौरभ सोनवणे ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रतिबंध को प्रभावी बनाने और प्लास्टिक मुक्त शहर बनाने के लिए सामूहिक प्रयास की जरूरत है। उन्होंने कहा कि यदि लोगों को प्लास्टिक के विकल्प के लिए प्रेरित किया जाए, तो समाज का दृष्टिकोण बदलेगा और लोग वैकल्पिक उत्पादों को अपनाने लगेंगे।निगम आयुक्त नगर निगम में प्लास्टिक व्यापारी, विक्रेताओं एवं स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को संबोधित कर रहे थे। बैठक में उन्होंने विक्रेताओं से कहा कि वे प्लास्टिक उत्पादों की बिक्री बंद करने और उनके विकल्पों को बढ़ावा देने में सहयोग करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि बाजार में प्लास्टिक उत्पाद उपलब्ध नहीं होंगे, तो उपभोक्ता स्वाभाविक रूप से अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने लगेंगे। बैठक में कल्पना कल्याण समिति द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग को कम करने के लिए स्टील के बर्तन सेवा (बर्तन बैंक) की स्थापना के प्रस्ताव की सराहना की गई। समिति अध्यक्ष बीपी सिंह ने बताया कि नगर निगम के सहयोग से अमित मेडिकल स्टोर में बर्तन बैंक काउंटर का शुभारंभ किया जा रहा है, जिसकी बुकिंग भी प्रारंभ हो चुकी है। इस पहल से लोग प्लास्टिक के बजाय स्टील के बर्तनों का उपयोग कर सकेंगे। समिति ने यह भी जानकारी दी कि 19 मार्च को एक कार्यशाला आयोजित की जाएगी, जिसमें व्यापारी संघ, समिति के सदस्य, निगम अधिकारी और अन्य संबंधित पक्ष शामिल होंगे। इस कार्यशाला में सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध को प्रभावी बनाने के लिए विशेष रणनीतियों पर चर्चा होगी। बैठक में मैरिज गार्डन, धार्मिक आयोजनों और भंडारों में सिंगल यूज प्लास्टिक के विकल्प को अपनाने की पहल को मजबूत करने पर जोर दिया गया। साथ ही, एनएलयूएम के अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे स्व सहायता समूह एवं जनप्रतिनिधियों से समन्वय कर झोला वितरण अभियान शुरू कर, नागरिकों को कपड़े या जूट के थैले उपयोग करने के लिए प्रेरित करें।। बैठक में सिटी मिशन मैनेजर अभिमन्यु सिंह, स्वास्थ्य अधिकारी मुरारी कुमार, अमित गुप्ता, डीके सक्सेना, अनिरुद्ध सिंह, राजधर पटेल एवं व्यापारीगण उपस्थित रहे।
No comments
Post a Comment