रीवा. विंध्य सब्जी उत्पादक किसान एवं विकेता संघ के पदाधिकारीगण एवं सदस्यों ने नगर निगम की मनमानी बाजार बैठकी वसूली के विरोध का नया तरीका निकाला है। इनके द्वारा जन जागरूकता अभियान शुरू किया है। जिसके तहत पोस्टर पर निर्धारित दर को दर्शाकर बताया गया है कि फुटपाथ, ठेला दुकानदार, फेरी वालों से, बाजार से कोई सामान ऑटो, टैक्सी से घर ले जाने पर, खाद-बीज, सब्जी खेतों से मंडी या मंडी से घर ले जाने पर कोई टैक्स नहीं लगेगा। इस जानकारी के पोस्टर कार्यकर्ताओं द्वारा ऑटो, टैक्सी, मिनी ट्रक और बड़े ट्रकों पर चिपकाए जा रहे हैं। जिससे जनता जागरुक हो और अवैध वसूली से राहत मिल सके।
संगठन द्वारा बताया जा रहा है कि यदि निर्धारित दर से अधिक राशि वसूली जाने पर एवं राशि पर्ची पर ना लिखे होने पर नजदीकी पुलिस थाना, नगर निगम को सूचित करें। जन जागरूकता अभियान में मुख्य रूप से संगठन के संयोजक जेपी कुशवाहा, अनिल कुशवाहा, गतिलेश, दल प्रताप सोंधिया, शुभम कुशवाहा, तुलसीदास, वीरेंद्र कुशवाहा, विजय केवट, प्रियांशु, राजीव आदि कार्यकर्ता शामिल रहे।
संगठन का आरोप है कि नगर निगम की बाजार बैठकी के नाम पर लगातार अवैध वसूली होती रही है। जबकि नगर निगम द्वारा ऑटो टैक्सी से 5 रुपए एवं बाहर से आने वाले मिनी ट्रकों से 10 एवं बड़े ट्रैकों से 20 रुपए वसूली के लिए कर्मचारी तैनात किए गए हैं। इसके बाद भी ऑटो-टैक्सी से पांच की जगह 10 रुपए तथा ट्रकों से ३० से ५० रुपए तक लिए जा रहे है। पर्ची पर कोई राशि अंकित नहीं रहती। जिसके विरोध में अब संंगठन ने नया रास्ता अपनाते हुए जागरूकता अभियान प्रारंभ किया है।
No comments
Post a Comment