रीवा में पुलिस की कार्रवाई को लेकर अपराधियों में कोई भय नजर नहीं आता है। पुलिस भले ही इन पर शिकंजा कसने के लिए अभियान चल रही है, लेकिन ये बेख़ौफ़ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। तजा मामला मनगवां-प्रयागराज हाईवे पर देखने को मिला है। जहां फोर व्हीलर में सवार बदमाशों ने गढ़ थाने के घूमा गांव में गुंडागर्दी की हदें पार कर दी। जीप में सवार होकर घर लौट रहे चार लोगों को दो वाहनों में सवार होकर आए आठ बदमाशों ने जमकर पीटा। उनके फोर व्हीलर वाहन में खूब पत्थर और डंडे बरसाए।
जानकारी के अनुसार सोहागी थाने के मलपार गांव निवासी कृपासिंधु शुक्ला शनिवार की रात तिलकत्सव में शामिल होने के लिए जीप से रीवा आए थे। वह रात में घनश्याम तिवारी, लालमणि पयासी, गीता पयासी सहित अन्य लोगों के साथ वापस घर जा रहे थे, तभी रात करीब पौने एक बजे जैसे ही वे गढ़ थाने के घूमा के समीप पहुंचे तभी दो लोगों ने उनको हाथ दिखाकर रुकने का इशारा किया, जैसे ही उन्होंने गाड़ी रोकी तो आरोपी उनके साथ छीनापटी करने लगे। युवक ने गाड़ी बढ़ाकर वहां से भागने का प्रयास किया तो, दो फोर व्हीलर वाहनों में सवार होकर आठ बदमाश पहुंच गए फिल्मी स्टाइल में बदमाशों ने जीप में सवार युवक सहित अन्य लोगों को नीचे उतार कर जमकर पीटा। बदमाशों ने महिलाओं को भी नहीं छोड़ा और उनके साथ भी मारपीट की।
आरोपियों ने उनकी जीप पर पत्थर और डंडे बरसाए। शोरशराबा सुनकर जब स्थानीय लोग पहुंचे तो आरोपी फरार हो गए। घटना से पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल निर्मित हो गया। पीड़ितों ने रात में डायल 100 को सूचना दी। बदमाशों के डर से पीड़ित रात में थाने में रिपोर्ट लिखाने तक नहीं जा पाए। सुबह घर से वापस आकर उन्होंने थाने में शिकायत दर्ज कराई। जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। इस पूरी घटना का स्थानीय लोगों ने वीडियो भी बना लिया। वीडियो में बदमाश पीड़ितों के साथ मारपीट करने के साथ उनके वाहन में तोड़फोड़ करते नजर आ रहे हैं। एक बदमाश उनके वाहन पर चढ़कर कूद रहा था। आरोपियों ने घटना के दौरान किसी तरह का भय नहीं था और वे हाईवे पर बेखौफ आतंक मचा रहे थे। आरोपियों ने किस विवाद को लेकर पीड़ितों पर हमला किया है यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। आशंका है कि लूट के इरादे से घटना को अंजाम दिया गया है।
No comments
Post a Comment