मध्य प्रदेश के सीधी जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत जोगीपुर तिराहे के पास एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बल्कर ने बाइक सवार दंपति को कुचल दिया। इस भीषण हादसे में पति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों ने घायल पत्नी को जिला अस्पताल सीधी में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
बताया गया कि दंपति मंदिर दर्शन के लिए जा रहा था, तभी जोगीपुर तिराहे के समीप बल्कर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि पत्नी बाइक से दूर जा गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि पति बल्कर के टायरों में फंस गया। बल्कर चालक उसे काफी दूर तक घसीटता रहा, जिससे उसकी मौत हो गई। हादसे में पत्नी का एक पैर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने बल्कर को घेर लिया और प्रशासनिक अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग की। मृतक का शव बल्कर के पिछले टायरों में फंसा रहा, जिसे निकालने में कठिनाई हो रही थी। कुछ लोग आक्रोश में बल्कर को जलाने की बात भी कर रहे थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास शुरू किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

No comments
Post a Comment