Sidhi News: गर्भवती लीला साहू के अभियान ने दिलाई सफलता, गांव में शुरू हुआ सड़क निर्माण, देखिये कैसे जताई ख़ुशी

Monday, 21 July 2025

/ by BM Dwivedi

 



मध्य प्रदेश के सीधी जिले की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और नौ महीने की गर्भवती लीला साहू के एक साल के संघर्ष ने आखिरकार रंग लाया। उनके गांव बगैया टोला से गजरी को जोड़ने वाली खस्ताहाल सड़क की मरम्मत का काम शुरू हो गया है। लीला ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर सड़क निर्माण कार्य की जानकारी दी, जिसमें पीछे बुलडोजर काम करता नजर आ रहा है।

लीला ने पिछले एक साल से गांव में सड़क बनवाने की मांग उठाई थी, क्योंकि जर्जर सड़क के कारण एंबुलेंस उनके घर तक नहीं पहुंच पाती थी। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह, सांसद राजेश मिश्रा और जिला कलेक्टर से गुहार लगाई थी। लीला ने बताया कि उनके गांव में छह गर्भवती महिलाएं हैं, लेकिन खराब सड़क के कारण आपात स्थिति में चिकित्सा सुविधा मिलना मुश्किल था।
उनके इस अभियान ने सियासी हलकों में भी हलचल मचाई थी। सांसद राजेश मिश्रा का एक विवादित बयान भी चर्चा में रहा। हालांकि, लीला के लगातार प्रयासों और सोशल मीडिया पर सरकार को घेरने के बाद अब सड़क निर्माण शुरू हो गया है। लीला ने वीडियो में कहा, "मेरे घर तक एंबुलेंस न आने की समस्या को मैंने उठाया था, और अब सड़क का काम शुरू हो चुका है।" यह कार्य चुरहट विधायक अजय सिंह राहुल के निजी खर्च से कराया जा रहा है।
यह घटना न केवल लीला के संघर्ष की जीत है, बल्कि सोशल मीडिया के माध्यम से जनहित के मुद्दों को उठाने की ताकत को भी दर्शाती है।


No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved