रीवा: नवोदय विद्यालय से लापता 6वीं का छात्र, पुलिस ने 4 घंटे में मनगमा से किया बरामद

Monday, 21 July 2025

/ by BM Dwivedi


रीवा जिले के के सिरमौर स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में रविवार शाम कक्षा छठवीं का एक छात्र अचानक लापता हो गया, जिससे स्कूल परिसर में हड़कंप मच गया। स्कूल प्रबंधन ने तत्काल परिजनों और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने महज चार घंटे में छात्र को मनगमा के पास से सकुशल बरामद कर लिया, जिसके बाद स्कूल प्रबंधन और परिजनों ने राहत की सांस ली।

प्राचार्य मनीष कुमार तिवारी ने बताया कि मऊगंज के हनुमना निवासी छात्र रविवार शाम करीब 5 बजे लापता हुआ था। परिजनों ने उससे मिलने आने का वादा किया था, लेकिन नहीं आए। घर की याद आने पर छात्र बिना बताए स्कूल से चला गया। शिक्षकों की टीमों ने खोजबीन शुरू की और पुलिस की मदद से उसे मनगमा से बरामद कर परिजनों को सौंप दिया गया। सिरमौर थाना प्रभारी दीपक तिवारी ने पुष्टि की कि छात्र पूरी तरह सुरक्षित है और किसी घटना का शिकार नहीं हुआ।
हालांकि, इस घटना ने विद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। प्राचार्य ने बताया कि 30 एकड़ के कैंपस में केवल दो वॉचमैन हैं, जो पर्याप्त नहीं हैं। घटना के समय गेटकीपर पानी की मोटर चालू करने गया था, जिसका फायदा उठाकर छात्र बाहर निकल गया। प्रबंधन ने इस चूक को स्वीकार करते हुए संसाधनों की कमी का हवाला दिया।

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved