मऊगंज जिले के रतनगवां खास की महिला सरपंच मुलिया साकेत के घर में घुसे चोरों ने उनकी नातिन के पैर से पायल उतारी और सरपंच के कान से झुमका खींचकर फरार हो गए। चोरों ने डेढ़ लाख रुपये से अधिक के जेवर और नकदी चुराई। घटना मऊगंज कस्बे में हुई, जहां सरपंच अपनी बेटी और नातिन के साथ रहती हैं।
थाना प्रभारी राजेश पटेल ने बताया कि सरपंच की बेटी, जो अस्पताल में कार्यरत है, मकान निर्माण के लिए 40 हजार रुपये बैंक से निकाले थी। देर रात चोरों ने दरवाजे का कुंदा तोड़कर घर में प्रवेश किया। अलमारी तोड़कर सोने-चांदी के जेवर और 40 हजार रुपये नकद चुराए। फिर कमरे में सो रही नातिन की पायल और सरपंच के झुमके निकालने लगे। सरपंच की नींद खुलने पर चोरों ने झुमका खींच लिया, जिससे उनका कान फट गया। शोर मचाने पर चोर धमकी देकर भाग गए।
महिला सरपंच ने बताया कि चोरों ने चार जोड़ी पायल, झुमका, मछली, तीन पुलिया और 40 हजार रुपये नकद चुराए, जिसका कुल मूल्य डेढ़ लाख से अधिक है। पीड़िता ने एक संदिग्ध को पहचान लिया और उसका नाम पुलिस को बताया। पुलिस ने मामला दर्ज कर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है, लेकिन अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई।

No comments
Post a Comment