नई दिल्ली: मध्यप्रदेश भवन, दिल्ली में शुक्रवार को विश्वविख्यात मैहर बैंड ने अपनी शास्त्रीय और लोकधुनों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मध्यप्रदेश की आवासीय आयुक्त रश्मि अरुण शमी कार्यक्रम की मुख्य अतिथि रहीं।
मैहर बैंड के सौरभ कुमार चौरसिया ने नलतरंग पर मुख्य वादन प्रस्तुत किया, जबकि गोकर्ण प्रसाद पांडे (वायलिन), गौतम भारती (हारमोनियम), बृजेश कुमार द्विवेदी (सरोद), डॉ. अशोक कुमार बाड़ोलिया (तबला) और मोहम्मद अहमद खान (सारंगी) ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांधा।मैहर की आर्ट ईचौल की संस्थापक अंबिका बैरी ने सिरेमिक, लकड़ी, धातु और पत्थर पर आधारित शिल्पकला प्रशिक्षण की जानकारी दी। कार्यक्रम में सतना के 'वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट' के तहत टमाटर से बने उत्पादों की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही। गीतांजलि इंटरनेशनल के ब्रांड डेलास ने सॉस, कैचअप, प्युरी और चटनी की बिक्री की। मृगनयनी हैंडीक्राफ्ट्स और विंध्य हर्बल्स के उत्पादों पर 10% छूट दी गई।दिल्ली में रहने वाले मध्यप्रदेश मूल के नागरिकों और राज्य के अधिकारियों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया। सौरभ चौरसिया ने कहा, "मैहर बैंड और बाबा उस्ताद अलाउद्दीन खां साहब का नलतरंग मध्यप्रदेश की पहचान बन रहा है। इस मंच से हमें देशभर में सम्मान मिला।"यह आयोजन मध्यप्रदेश की कला, संस्कृति और स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में सफल रहा।

No comments
Post a Comment