Rewa News: रीवा में सनसनीखेज वारदात, घर जमाई न बनने पर साले ने जीजा को मारी गोली, कार में लगाई आग

Wednesday, 30 July 2025

/ by BM Dwivedi


रीवा: जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र के गोदहा पहाड़ में मंगलवार देर रात एक सनसनीखेज घटना में साले ने अपने जीजा समीम खान (36) पर गोली चला दी। गोली समीम के पैर में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावरों ने सबूत मिटाने के लिए समीम की कार में आग भी लगा दी। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।

घर जमाई बनने का दबाव बना रहा था विवाद का कारण
समीम खान ने बताया कि उनकी शादी चित्रकूट जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में हुई थी। ससुराल पक्ष लंबे समय से उन पर घर जमाई बनने का दबाव डाल रहा था। समीम करीब 7 महीने ससुराल में रह चुके थे, लेकिन बाद में अपने गांव लौट आए। इसी बात से नाराज ससुराल वालों ने मंगलवार रात उन्हें पार्टी के बहाने गोदहा पहाड़ ले जाकर शराब पिलाई और सुनियोजित तरीके से गोली मार दी। समीम का आरोप है कि उनकी पत्नी भी ससुराल वालों की बात मानकर उनका तिरस्कार करती थी।

पुलिस ने हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया
घटना की सूचना मिलते ही सेमरिया पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया। एसडीओपी उमेश प्रजापति ने बताया कि मुख्य आरोपी साले को हिरासत में ले लिया गया है और हत्या के प्रयास की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई है। अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस हमले की अन्य संभावित वजहों की भी पड़ताल कर रही है।

परिवार ने की सख्त कार्रवाई की मांग
समीम के परिवार ने साले और ससुराल पक्ष पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि समीम ने कभी अपनी पत्नी को मायके जाने से नहीं रोका, फिर भी ससुराल वाले लगातार दबाव बना रहे थे। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर मामले की तह तक जाया जाएगा।

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved