मऊगंज की श्रद्धा शुक्ला ने जीता राष्ट्रीय कूडो कराटे गोल्ड, सूरत में फहराया मध्य प्रदेश का परचम, स्टेशन पर जोरदार स्वागत

Monday, 3 November 2025

/ by BM Dwivedi

मऊगंज जिले की होनहार बेटी श्रद्धा शुक्ला ने गुजरात के सूरत में आयोजित राष्ट्रीय कूडो कराटे प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर पूरे प्रदेश का मान बढ़ाया है। हनुमना तहसील के बराँव शुक्ला गांव निवासी 13 वर्षीय श्रद्धा साई पब्लिक स्कूल, शार्दापुरम, रीवा में सातवीं कक्षा की छात्रा हैं। कम उम्र में यह उपलब्धि हासिल करने वाली श्रद्धा के स्वागत में रविवार को रीवा रेलवे स्टेशन पर ग्रामीणों, परिजनों और शुभचिंतकों की भीड़ उमड़ पड़ी। फूल-मालाओं से उनका जोरदार अभिनंदन किया गया।


श्रद्धा के पिता प्रद्युम्न शुक्ला मऊगंज में पत्रकार हैं, जबकि दादा बिहारी लाल शुक्ला सामाजिक कार्यकर्ता और प्रतिष्ठित किसान हैं। बचपन से ही खेलकूद और ड्राइंग में रुचि रखने वाली श्रद्धा को पिता ने रीवा के आयुष कराटे एकेडमी, सरदारपुरम में प्रशिक्षण दिलाया। कड़ी मेहनत के दम पर उन्होंने पहले जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, फिर इंदौर राज्य प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता। राष्ट्रीय स्तर पर सूरत पहुंचीं श्रद्धा ने देशभर के दिग्गजों को पीछे छोड़ते हुए गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया।
शनिवार शाम रीवा स्टेशन पहुंचने पर परिजनों ने स्वागत किया, तो रविवार गांव लौटने पर समाजसेवियों और ग्रामीणों ने उनका भव्य अभिनंदन किया। पत्रकारों से बातचीत में श्रद्धा ने कहा, "मेरा अगला लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत के लिए पदक जीतना है।" पिता प्रद्युम्न शुक्ला ने बताया, "बेटी की रुचि को देखते हुए हमने उसे प्रोत्साहित किया। अनुशासन और मेहनत से उसने यह मुकाम हासिल किया।" श्रद्धा की सफलता पर पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। यह उपलब्धि न केवल मऊगंज का गौरव बढ़ाती है, बल्कि युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत भी बनी है।

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved