मऊगंज जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के पहाड़ी गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पति बृजेश साकेत ने घरेलू विवाद के दौरान पत्नी सविता साकेत को बुरी तरह पीटा। मारपीट से बचने के प्रयास में भागी सविता खौलती सब्जी की कढ़ाई में जा गिरी, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। आनन-फानन में उसे सिविल अस्पताल मऊगंज ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
जानकारी के अनुसार, बृजेश साकेत वर्ष 2011 में उत्तर प्रदेश के चकिया चंदौली में मजदूरी करने गया था। वहां उसकी मुलाकात सविता से हुई और दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया। शादी के बाद बृजेश अपनी पत्नी को लेकर वापस पहाड़ी गांव आ गया, लेकिन तब से दोनों के बीच अक्सर झगड़े होते रहते थे। रविवार को घर में कुछ रिश्तेदार आए थे। उनकी विदाई के बाद शाम को बृजेश घर लौटा। चूल्हे पर सब्जी बना रही सविता से किसी बात को लेकर उसका विवाद हो गया।
बात इतनी बिगड़ गई कि बृजेश ने पत्नी पर मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आई सविता की मां को भी धक्का देकर घर से भगा दिया। इसके बाद बृजेश ने सविता को कमरे में ले जाकर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। जान बचाने के चक्कर में भागी सविता खौलती कढ़ाई में गिर पड़ी। अस्पताल में सविता की हालत गंभीर बनी हुई है। पूछताछ में बृजेश ने स्वीकार किया कि विवाद के दौरान गुस्से में मारपीट हो गई। जब सविता खाना बना रही थी, तभी रिश्तेदारों के आने-जाने से झगड़ा बढ़ा और पिटाई के दौरान वह गिर गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

No comments
Post a Comment