रीवा-गोविंदगढ़ मुख्य मार्ग पर सोमवार सुबह करीब साढ़े दस बजे दो बाइकों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरा व्यक्ति मामूली चोटिल हुआ। घायल युवक की पहचान आधार कार्ड के आधार पर राजेश रावत, निवासी अमिलकी रीवा के रूप में हुई है। वह अपनी बाइक से रीवा की ओर जा रहा था।
इसी दौरान डिहिया सेवा सहकारी समिति के ठीक सामने विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बाइक से उसकी बाइक की आमने-सामने की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर जा गिरे। राजेश रावत को सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
राहगीरों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एम्बुलेंस ने गंभीर रूप से घायल राजेश रावत को तत्काल संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है और इलाज जारी है। दूसरे बाइक सवार को हल्की चोटें आई हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

No comments
Post a Comment