मध्य प्रदेश के मैहर जिले में नेशनल हाईवे-30 पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कटनी से प्रयागराज जा रही एक ट्रैक्स क्रूजर (MP 20 ZY 2807) आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से जा घुसी। इस टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया।
हादसा नादन थाना क्षेत्र के ग्राम तिलोरा के पास हुआ। ट्रैक्स क्रूजर में करीब 20 लोग सवार थे। ये सभी कटनी जिले के एनकेजे पकरिया क्षेत्र के निवासी थे और उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में अस्थि विसर्जन के लिए जा रहे थे। जानकारी के अनुसार, वाहन में सवार कुछ लोग परिवार के सदस्य थे।टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रैक्स क्रूजर का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर ही दो लोगों की मौत हो गई। एक व्यक्ति की रास्ते में और एक की मैहर सिविल अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।स्थानीय लोगों और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। सभी घायलों को एम्बुलेंस की मदद से मैहर सिविल अस्पताल और जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार कंटेनर चालक की तलाश की जा रही है।यह हादसा उस समय हुआ जब देश भर से श्रद्धालु प्रयागराज में आगामी धार्मिक आयोजनों की तैयारी कर रहे हैं। स्थानीय लोग पार्केड कंटेनरों को रात में जानलेवा बता रहे हैं और प्रशासन से सुरक्षा उपायों की मांग कर रहे हैं।

No comments
Post a Comment