मैहर जिले की अमरपाटन तहसील स्थित ककरा गांव में रविवार दोपहर रास्ते के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। धान से लदे ट्रैक्टर को निकालने के दौरान दो पक्षों में कहासुनी हुई, जो देखते-देखते गाली-गलौज और लाठी-डंडों से मारपीट में बदल गई। इस झगड़े में दो महिलाएं और एक पुरुष सहित तीन लोग घायल हो गए। विवाद की शुरुआत तब हुई जब एक पक्ष ने रास्ते पर पत्थर रखकर कब्जा करने की कोशिश की। दूसरे पक्ष ने विरोध जताया, जिसके बाद दोनों तरफ से लाठी-डंडे चलने लगे।
मारपीट में महिलाएं भी शामिल हुईं। आक्रोशित परिजनों ने रास्ते में लगी जाली और लकड़ी के पोल उखाड़ फेंके। घटना का वीडियो रविवार रात सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे गांव में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही अमरपाटन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एक पक्ष थाने पहुंचकर कमलेश पटेल और उनके परिवार पर हमले का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई। थाना प्रभारी विजय सिंह परस्ते ने बताया कि दोनों पक्ष एक ही परिवार के हैं और रास्ते को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। दोनों तरफ के लोगों को मामूली चोटें आई हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों पर काउंटर केस दर्ज कर लिया है।

No comments
Post a Comment