Mauganj News: मऊगंज में जमीनी विवाद पर हिंसक हमला, एक ही परिवार के चार लोग गंभीर

Thursday, 18 December 2025

/ by BM Dwivedi

मऊगंज जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कोठार में बारी काटने को लेकर शुरू हुआ जमीनी विवाद बुधवार को हिंसक रूप ले लिया। दबंगों ने एक परिवार पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। एक घायल की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है, जिसे संजय गांधी अस्पताल रीवा में भर्ती कराया गया है। पीड़ित विनोद यादव ने बताया कि उनकी जमीन में लगी बारी को राजबहादुर सिंह उर्फ राजू सिंह काट रहा था।

 जब उनकी पत्नी शीला यादव ने विरोध किया तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए डंडे से मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर विनोद यादव, उनकी मां शीतलिया यादव, बेटा रजनीश यादव और भाई नीलेश यादव मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे। इसी दौरान अभिषेक सिंह, अमित सिंह और लालजी सिंह भी वहां आ गए और सभी आरोपियों ने मिलकर लाठी-डंडों, हाथों और मुक्कों से पूरे परिवार पर हमला बोल दिया। पीड़ितों का आरोप है कि हमलावरों ने घर के अंदर घुसकर महिलाओं को खींचकर बाहर निकाला और बेरहमी से पीटा। विनोद यादव के सिर में गंभीर चोटें आई हैं, जिनकी हालत गंभीर बनी हुई है। अन्य घायलों में शीला यादव, शीतलिया यादव और रजनीश यादव शामिल हैं। घटना से गांव में तनाव का माहौल है।

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved