रीवा जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत माहिया गांव में हुआ दर्दनाक सड़क हादसा एक परिवार के लिए अभिशाप बन गया। दो बाइकों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर के बाद एक पिता और उसकी बेटी नहर में जा गिरे, जिसमें दोनों की मौत हो गई। हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान गणेश प्रसाद चतुर्वेदी और उनकी पुत्री शिवानी चतुर्वेदी के रूप में हुई है।
घटना गुरुवार देर शाम की है। गणेश प्रसाद अपनी दो बेटियों के साथ बाइक पर घर लौट रहे थे। नहर के किनारे बने पुल पर सामने से आ रही दूसरी बाइक से उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई, जिस पर दो युवक सवार थे।टक्कर इतनी जोरदार थी कि गणेश प्रसाद और बड़ी बेटी शिवानी सीधे नहर में जा गिरे। शिवानी को स्थानीय लोगों ने तुरंत बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचते-पहुंचते उसकी मौत हो गई। जबकि गणेश प्रसाद नहर के तेज बहाव में बह गए।
पुलिस और प्रशासन की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे उनका शव नहर से बरामद किया गया। हादसे में गणेश प्रसाद चतुर्वेदी की छोटी बेटी और दूसरी बाइक पर सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल रीवा के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

No comments
Post a Comment