Rewa News: दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान में लूट, 4-5 लाख की सोने की ज्वैलरी ले उड़े बदमाश

Thursday, 25 December 2025

/ by BM Dwivedi

रीवा जिले से करीब 45 किलोमीटर दूर लालगांव कस्बे में स्थित अन्नपूर्णा ज्वेलर्स दुकान पर लूट की बड़ी वारदात हुई। ग्राहक बनकर आए दो बदमाशों ने दुकान से लगभग 4 से 5 लाख रुपये कीमत की सोने की ज्वैलरी लूटकर फरार हो गए।पीड़ित दुकान मालिक रामनिधि सोनी ने बताया कि घटना के समय वे एक रिश्तेदार के अंतिम संस्कार में बनारस गए हुए थे। दुकान पर उनकी पत्नी निर्मला सोनी अकेली थीं। बाइक पर आए दो युवक ग्राहक बनकर पहुंचे। उन्होंने पहले चांदी का चंद्रमा खरीदा और फिर सोने का लॉकेट दिखाने को कहा। जैसे ही निर्मला सोनी ने काउंटर खोली, एक बदमाश ने आभूषणों से भरा पूरा डिब्बा छीन लिया, जिसमें 6 सोने के लॉकेट सहित अन्य ज्वैलरी थी। दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए। 

पूरी घटना आसपास के CCTV कैमरों में कैद हो गई है। पीड़ित रामनिधि सोनी और उनकी पत्नी निर्मला सोनी ने लालगांव पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और लूटी गई ज्वैलरी की बरामदगी की मांग की है। इस घटना से लालगांव के व्यापारियों में भारी आक्रोश है। वे दिनदहाड़े हो रही लूट और डकैती जैसी वारदातों से असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और पुलिस से बेहतर सुरक्षा की गुहार लगा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश जारी है।

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved