रीवा के पॉलीटेक्निक कॉलेज में ईवीएम की सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात पुलिस जवान की अचानक मौत हो गई। मृतक जवान की पहचान मध्य प्रदेश विशेष शस्त्र पुलिस द्वितीय वाहिनी, ग्वालियर के इंद्रपाल सिंह परमार के रूप में हुई है। वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के निवासी थे और वर्तमान में रीवा पुलिस लाइन में तैनात थे। जानकारी के अनुसार, बुधवार रात करीब साढ़े 8 बजे ड्यूटी के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई।
साथी जवानों ने तुरंत उन्हें संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में मौत का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है।परिजन गुरुवार सुबह रीवा पहुंचे। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद उनका पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए गृह जिला इटावा रवाना कर दिया गया। जवान की अचानक मौत से पुलिस बल में शोक की लहर दौड़ गई है। साथी जवान और अधिकारी उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

No comments
Post a Comment