रीवा शहर के सिरमौर चौराहे पर रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना यानि मनरेगा से राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का नाम हटाने की कोशिश कर रही है, जो गांधी जी का अपमान है और मजदूरों के हितों पर हमला है।
प्रदर्शन में शामिल कांग्रेसियों ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की सरकार ने मजदूरों के लिए मनरेगा योजना शुरू की थी, जिसका नाम गांधी जी के सम्मान में रखा गया। लेकिन वर्तमान भाजपा सरकार ऐसी योजनाओं को कमजोर करने का काम कर रही है। शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष अशोक पटेल ने कहा, "जरूरत मजदूरों और किसानों के लिए योजनाओं को मजबूत बनाने की है, न कि उन्हें बिगाड़ने की। सरकार का यह कदम ग्रामीण रोजगार पर कुठाराघात है।" धरने में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने सरकार विरोधी नारे लगाए और मनरेगा योजना को मूल रूप में बनाए रखने की मांग की। पुलिस की मौजूदगी में प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने योजना में बदलाव किया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

No comments
Post a Comment