रीवा शहर के एसएफ चौराहा पर रविवार सुबह तेज रफ्तार ऑटो ने पैदल जा रही एक महिला को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें तुरंत संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद ऑटो चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश और सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
घायल महिला की पहचान खुशबू प्रजापति के रूप में हुई है। सुबह करीब 7 बजे वह एसएफ चौराहा से रानी तालाब की ओर पैदल जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से आते ऑटो ने उन्हें टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ीं। हादसा इतनी तेजी से हुआ कि मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल को संभाला और एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है और हालत पर नजर रखे हुए है।

No comments
Post a Comment