सतना जिले में सिंहपुर थाना क्षेत्र के खनगढ़ गांव में कोदो के आटे की रोटी और हरे चने की सब्जी खाने से एक ही परिवार के 5 सदस्य फूड पॉइजनिंग के शिकार हो गए। सभी की हालत बिगड़ने पर उन्हें पहले नागौद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
परिजनों के अनुसार, बुधवार सुबह कोदो की रोटी और हरे चने की सब्जी बनाई गई थी। खाना खाने के कुछ देर बाद सभी को पेट दर्द, उल्टी और जी मिचलाने की शिकायत होने लगी। बीमार होने वालों में रामबेटू कोल, फगुना, चुनवदा, सुनीता और कल्लू शामिल हैं। सभी खनगढ़ गांव के निवासी हैं। पीड़ित चुनवदा ने बताया कि उनकी बहू ने गांव से ही कोदो लाकर आटा पिसवाया था, उसी से रोटी बनाई गई थी। जिला अस्पताल में इलाज के बाद सभी मरीजों की हालत अब स्थिर बताई जा रही है। डॉक्टरों का कहना है कि संभवतः कोदो में मिलावट या खराब गुणवत्ता के कारण यह घटना हुई। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को सूचना दे दी गई है।

No comments
Post a Comment