मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पुलिस प्रताड़ना और ब्लैकमेल से तंग आकर एक युवक ने गुरुवार देर रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान अनंतराम पटेल के रूप में हुई है। सुसाइड करने से पहले अनंतराम ने चार पन्नों का सुसाइड नोट लिखा और एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया, जिसमें उसने चार व्यक्तियों पर झूठे मामलों में फंसाने, ब्लैकमेल करने और 5 लाख रुपये वसूलने का गंभीर आरोप लगाया है। नोट में अमरपाटन थाने में तैनात एक पुलिसकर्मी पर भी मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया गया है।
युवक ने पुलिसकर्मी का मोबाइल नंबर भी सुसाइड नोट में उल्लेख किया है। यह सुसाइड नोट और वीडियो अनंतराम ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट कर दिया था। शुक्रवार सुबह उसका शव सड़क किनारे एक कदम के पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद परिजनों ने मौके पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया और पुलिस को शव ले जाने से रोक दिया। परिजनों का आरोप है कि गुरुवार देर रात पुलिस ने अनंतराम को उसके घर से थाने ले जाया था, जबकि अगली सुबह उसका शव पेड़ पर लटका पाया गया।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सुसाइड नोट, वीडियो तथा आरोपों की सत्यता की पड़ताल कर रही है।

No comments
Post a Comment