Satna news : सतना में नशे में धुत युवकों ने पुलिस टीम पर किया पथराव, जान बचाकर भागे जवान

Friday, 9 January 2026

/ by BM Dwivedi


सतना जिले में नशे की लत में डूबे असामाजिक तत्वों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि उन्होंने खाकी वर्दी को खुलेआम चुनौती दे डाली। कोलगवां थाना क्षेत्र की हनुमान नगर नई बस्ती में गुरुवार देर रात करीब 12 बजे एक दर्जन से अधिक नशेड़ियों ने पुलिस टीम को घेरकर पथराव कर दिया, जिससे पांच-छह पुलिसकर्मियों को जान बचाकर भागना पड़ा। जानकारी के अनुसार, कोलगवां थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि वार्ड नंबर-15 में पानी की टंकी के पास कुछ युवक शराब के नशे में गाली-गलौज और हंगामा कर रहे हैं। सूचना पर सबसे पहले बाइक से दो पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। जब उन्होंने युवकों को समझाने की कोशिश की तो नशेड़ियों ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल शुरू कर दिया। स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने अतिरिक्त बल मंगवाया। एएसआई उमेश पांडेय के नेतृत्व में चार आरक्षकों की टीम जब मौके पर पहुंची तो आरोपी युवक बस्ती की ओर भागने लगे। पुलिस टीम उनका पीछा करते हुए नई बस्ती के अंदर पहुंची, तभी वहां पहले से मौजूद करीब 12 नशेड़ियों ने पुलिसकर्मियों को घेर लिया। आरोप है कि नशे में धुत इन युवकों ने पहले गाली-गलौज की और फिर अचानक पत्थरबाजी शुरू कर दी। अंधाधुंध पथराव से बचने के लिए पुलिस टीम को वहां से भागना पड़ा। गनीमत रही कि इस हमले में कोई पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ। पुलिस द्वारा आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved