मऊगंज जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के ग्राम दुबिया में पुराने जमीनी विवाद ने फिर खूनी रंग ले लिया। दबंगों ने एक घर में घुसकर महिलाओं के साथ मारपीट की और पूरे परिवार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में आक्रोश फैल गया है। पीड़ित ज्ञानेन्द्र तिवारी ने शाहपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
जिसके अनुसार, आरोपी सुरेन्द्र गिरी और पुष्कर गिरी बिना किसी उकसावे के घर में घुसे और महिलाओं को गालियां देने के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। जब ज्ञानेन्द्र बीच-बचाव करने पहुंचे, तो अन्य आरोपी लाठी-डंडे लेकर आ गए और पूरे परिवार पर टूट पड़े। हमले में ज्ञानेन्द्र की पत्नी, भाई, भतीजा और भतीजी सहित कई लोग घायल हो गए। घायलों के शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं।
आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी और कहा कि यदि जमीन नहीं छोड़ी गई तो पूरे परिवार को खत्म कर देंगे। घटना 31 दिसंबर की है जिसका वीडियो शुक्रवार देर शाम से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे प्रशासन पर त्वरित और सख्त कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है। शाहपुर पुलिस ने शिकायत मिलते ही मामला दर्ज कर लिया है और घटना की गहन विवेचना की जा रही है।

No comments
Post a Comment