Rewa News : रीवा में धान खरीदी केंद्र में बारदाना न मिलने से नाराज किसानों ने किया चक्का जाम

Thursday, 1 January 2026

/ by BM Dwivedi

नए साल के पहले दिन रीवा जिले के जवा तहसील में किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। बारहुला क्रमांक दो स्थित रिमारी धान खरीदी केंद्र पर बारदाना उपलब्ध न होने से नाराज सैकड़ों किसानों ने रामबाग बरगद मोड़ पर चक्का जाम कर दिया। जिससे रीवा-सीधी मुख्य मार्ग पर यातायात ठप हो गया और यात्रियों को भारी परेशानी हुई। किसानों का आरोप है कि खरीदी केंद्र पर बारदाना की कमी के कारण वे 5 दिनों से अपने ट्रैक्टरों के साथ रोड पर खड़े हैं। केंद्र प्रबंधक और प्रशासन पर मनमानी और लापरवाही का आरोप लगाते हुए किसानों ने कहा कि कुछ लोग दादागिरी कर बिना लाइन के अपना माल बेच रहे हैं, जबकि गरीब किसान लाइन में लगकर इंतजार कर रहे हैं। 

किसानों के अनुसार, कम से कम 150 ट्रैक्टर केंद्र के पास खड़े हैं, और रात-दिन रोड पर गुजारने से भारी नुकसान हो रहा है। वे मांग कर रहे हैं कि ट्रैक्टरों को केंद्र के अंदर जगह दी जाए और बारदाना जल्द उपलब्ध कराया जाए। जिले के अन्य खरीदी केंद्रों में भी धान बिक्री को लेकर अफरा-तफरी का माहौल है। किसान केंद्र संचालकों पर भेदभाव का आरोप लगा रहे हैं। प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन पुलिस मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने की कोशिश कर रही है।  

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved