रीवा में नए साल के दिन भगवान के दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालु सड़क हादसे का शिकार हो गए। टायर फटने से ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा गुढ़ थाना क्षेत्र के भीटी गांव के पास हुआ।
ऑटो में करीब 10 लोग सवार थे, जो सीधी जिले के चुरहट थाना क्षेत्र अंतर्गत मोहनिया चौकी के बरखड़ा गांव से रीवा के प्रसिद्ध चिराहुलनाथ मंदिर में दर्शन करने आ रहे थे। जैसे ही ऑटो गुढ़ के पास भीटी गांव के समीप पहुंचा, अचानक चलते ऑटो का टायर फट गया। जिससे ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे से मौके पर हड़कंप मच गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को एंबुलेंस की मदद से रीवा के संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में गंभीर रूप से घायल सरदार पटेल नामक बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक बरखड़ा गांव के रहने वाले थे। अन्य घायलों का इलाज जारी है। पुलिस ने पंचनामा कर शव का पोस्टमार्टम कराया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

No comments
Post a Comment