Maihar News : छात्रावास अधीक्षक का शव पानी भरे गड्ढे में मिला, दो साल से ड्यूटी पर अनुपस्थित थे!

Wednesday, 18 February 2026

/ by BM Dwivedi

मैहर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के दधीच टोला के निकट एक गड्ढे में आदिवासी आश्रम शाला के अधीक्षक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पानी से भरा यह गड्ढा नल-जल योजना के तहत खोदा गया था, जहां मंगलवार को शव पड़ा मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। शुरुआत में परिजनों के न पहुंचने से शव की पहचान नहीं हो पाई, लेकिन देर रात परिजन पहुंचने पर मृतक की शिनाख्त हुई। 

मृतक लल्लू दास पड़वार, अनूपपुर जिले के कस्तूरी पाला-डोंगरी थाना राजेंद्र ग्राम के निवासी थे। उनकी ड्यूटी दुअरिया आश्रम शाला में अधीक्षक के पद पर थी, लेकिन पिछले दो वर्षों से वे बिना किसी सूचना के अनुपस्थित चल रहे थे। जानकारी के अनुसार, लल्लू दास पड़वार 3-4 दिन पहले ही दुअरिया लौटे थे और वहां एक किराए के कमरे में रह रहे थे। पुलिस ने मौके पर पंचनामा तैयार किया और शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद परिजन शव लेकर अनूपपुर लौट गए। प्रारंभिक जांच में अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि लल्लू दास गड्ढे में कब और कैसे गिरे, जिससे उनकी मौत हुई। 

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved