सतना जिले के कोलगवां थाना क्षेत्र में रीवा रोड स्थित एयरपोर्ट मोड़ पर मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में कांग्रेस नेत्री नीतू सिंह और उनकी बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी वैन को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वैन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। जानकारी के मुताबिक, मंगलवार रात करीब 12 बजे नीतू सिंह अपनी बेटी के साथ वैन से घर उतैली की ओर जा रही थीं।
तभी एयरपोर्ट मोड़ पर सड़क पार करते समय उत्तर प्रदेश रजिस्टर्ड बोलेरो ने उनकी वैन को पीछे से तेज गति से टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर में नीतू सिंह के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि उनकी बेटी को भी कई जगह चोटें आई हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया और बोलेरो वाहन को जब्त कर लिया। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है।

No comments
Post a Comment