मऊगंज जिले के हनुमना थाना क्षेत्र में एक बेहद दुखद सड़क हादसा हुआ, जिसमें स्पीड ब्रेकर पर अचानक ब्रेक लगाने से बाइक पर पीछे बैठी भाभी सड़क पर उछलकर गिरीं और उनकी मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक हादसे का शिकार हुईं मीरा साकेत अपने देवर रामजी साकेत के साथ हनुमना बाजार से बच्चों के कपड़े और अन्य सामान खरीदकर गांव नाउन कला की ओर लौट रही थीं।
तभी ग्राम मुरैठा के पास सड़क पर बने स्पीड ब्रेकर पर देवर ने अचानक ब्रेक मार दिया, जिससे झटके से मीरा बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरीं। देवर भी बाइक संभाल नहीं पाए और दोनों गिर पड़े। दोनों को गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें हनुमना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां मीरा की हालत बहुत गंभीर देखकर उन्हें रीवा के संजय गांधी चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। लेकिन रास्ते में मनगवां के पास मीरा साकेत ने दम तोड़ दिया। मीरा साकेत चार बेटियों और एक बेटे की मां थीं। पोस्टमॉर्टम पूरा होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। परिजन और ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि मृतक के छोटे-छोटे बच्चों के भविष्य को देखते हुए उन्हें आर्थिक सहायता, शिक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं प्रदान की जाएं। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।

No comments
Post a Comment