पन्ना जिले में पुलिस ने शादी का झांसा देकर अपहरण और लूट करने वाले अंतरराज्यीय 'लुटेरी दुल्हन' गिरोह का पर्दाफाश किया है। बृजपुर थाना पुलिस के अनुसार, गिरोह ने 43 वर्षीय बसंत लाल त्रिपाठी निवासी नयागांव धरमपुर को 23 फरवरी को पहाड़ीखेड़ा में शादी के बहाने फंसाया, उनके साथियों को भगाया और सफेद स्कॉर्पियो में अगवा कर 1 लाख रुपये व एक टैबलेट लूट लिए।
पन्ना एसपी के निर्देश पर गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर पहाड़ीखेड़ा बस स्टैंड पर घेराबंदी कर 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपी रीवा, सतना और छतरपुर के निवासी हैं, जिनमें नीरज पटेल, प्रद्युम्न साकेत, अंकित साहू, सूरज प्रजापति, सोनू अग्निहोत्री, सोनू खैरवार, ओमप्रकाश सिंह, विमला और आरती साकेत शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कई अन्य ठगी के मामलों की बात स्वीकार की। पुलिस ने सफेद स्कॉर्पियो, अपाचे बाइक, 10 मोबाइल, टैबलेट और शादी के नाटक में इस्तेमाल साड़ी-चूड़ी-मेकअप किट जब्त की है। गिरोह के तीन मुख्य सदस्य दिव्या उर्फ नैना, अन्नू और लल्लू चौधरी अभी फरार हैं। जांच जारी है और फरारियों की तलाश में छापेमारी चल रही है।

No comments
Post a Comment