मऊगंज जिले के यूपी-एमपी बॉर्डर पर हनुमना आरटीओ चेकिंग पॉइंट पर शुक्रवार को ट्रक चालकों ने जमकर हंगामा किया। आरटीओ कर्मचारियों द्वारा दो ट्रकों को जांच के लिए रोकने पर चालक दीपक यादव निवासी भैंसोड़ अपने साथी के साथ पहुंचा और कर्मचारियों से झगड़ा करने लगा। उसने वाहन सड़क पर खड़ा कर दिया, जिससे आवागमन बाधित हो गया।
जल्द ही बड़ी संख्या में अन्य ट्रक चालक मौके पर पहुंच गए और आरटीओ की मनमानी चेकिंग तथा कथित अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। गुस्साए चालकों ने कर्मचारियों की झोपड़ी और कुर्सियों को आग के हवाले कर दिया, जिससे झोपड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और चालकों को समझा-बुझाकर शांत कराया। पुलिस ने घंटेभर बाद वाहनों को हटवाकर जाम खुलवाया। आरटीओ चेक पोस्ट प्रभारी की शिकायत पर दीपक यादव समेत तीन ट्रक चालकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। यह घटना क्षेत्र में आरटीओ चेक पोस्ट पर अवैध वसूली और मनमानी जांच के आरोपों के बीच हुई है, जिससे ट्रक चालकों में पहले से नाराजगी बनी हुई है।

No comments
Post a Comment