Sidhi News : सीधी में हाईवे पर आया जंगली हाथियों का दल, डेढ़ घंटे तक यातायात रहा बंद

Monday, 23 February 2026

/ by BM Dwivedi

सीधी जिले के ग्राम बढ़ौरा के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग NH-39 पर रविवार रात करीब 10 बजे एक बड़ा जंगली हाथियों का दल जंगल से निकलकर मुख्य सड़क पर आ गया। हाथियों के सड़क पार करने के दौरान प्रशासन और वन विभाग ने सुरक्षा के मद्देनजर लगभग डेढ़ घंटे तक यातायात पूरी तरह रोक दिया। इससे राजमार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और अनुमानित 300 से अधिक गाड़ियां जाम में फंस गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथियों का झुंड सड़क पार कर सीधी की दिशा में आगे बढ़ रहा था। वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और NH-39 के दोनों ओर करीब 2-2 किलोमीटर तक बैरिकेडिंग लगा दी। 

राहगीरों और चालकों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की गई ताकि किसी तरह की कोई दुर्घटना न हो। चुरहट रेंज के रेंजर नवीन सिंह ने बताया कि जंगली और विशालकाय जानवर होने के कारण अत्यधिक सावधानी बरती गई। उन्होंने कहा, “हमारा प्रयास था कि आम जनता को न्यूनतम असुविधा हो, लेकिन सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। हाथियों का दल सुरक्षित रूप से सड़क पार कर दूसरे छोर की ओर चला गया है और अब मार्ग पूरी तरह खोल दिया गया है।”जाम खुलने के बाद यातायात सामान्य हो गया। अधिकारियों ने चालकों से सावधानीपूर्वक वाहन चलाने और जंगली जानवरों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में सतर्क रहने की सलाह दी है।

No comments

Post a Comment

Don't Miss
©|Rahiye Update| All Rights Reserved