सिंगरौली जिले के नवानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनसीएल निगाही कॉलोनी के एमक्यू-433 क्वार्टर में शनिवार सुबह एक महिला का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। मृतका की पहचान दसौती निवासी फूलमती बसौर के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही कॉलोनी में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। परिजनों ने इसे हत्या करार देते हुए हंगामा किया और गहन जांच की मांग की।
पुलिस के अनुसार, क्वार्टर आंध्र प्रदेश निवासी ठेकेदार संदीप को आवंटित था। प्रारंभिक जांच में पता चला कि शुक्रवार रात संदीप और फूलमती एक कमरे में पार्टी कर रहे थे। किसी बात पर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद के बाद फूलमती कमरे से बाहर निकली और बाहर से कुंडी लगाकर संदीप को अंदर बंद कर दिया। इसके बाद वह दूसरे कमरे में चली गई। शराब के नशे में संदीप उसी कमरे में सो गया।
शनिवार सुबह जब संदीप की नींद खुली तो खुद को बंद पाकर उसने पड़ोसियों से मदद मांगी। दरवाजा खुलने पर जब वह दूसरे कमरे में पहुंचा, तो फूलमती का शव फंदे पर लटका मिला। संदीप ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को फंदे से उतारा और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। कमरे में शराब की बोतलें और बिखरी शराब मिली, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया।
मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया है कि फूलमती की हत्या की गई है और इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने क्वार्टर आवंटन प्रक्रिया और बाहरी लोगों के आवागमन पर भी सवाल उठाए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्य और अन्य तकनीकी जांच के आधार पर ही स्पष्ट होगा। इस घटना के बाद एनसीएल कॉलोनी की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

No comments
Post a Comment