रीवा में भाजपा नेता एवं व्यापारी जयंत खन्ना के आवास पर सोलर पैनल की सफाई करने गए युवक आशीष गौतम की मौत हो गई। हादसे में युवक को हाई टेंशन लाइन से करंट लगने और छत से गिरने के कारण गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी जान चली गई। जानकारी के अनुसार, आशीष गौतम अपनी छोटी सोलर कंपनी चलाते थे। वह जयंत खन्ना के घर सोलर प्लेट साफ करने पहुंचे थे। सफाई के दौरान छत के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से वह बुरी तरह झुलस गए।
संतुलन बिगड़ने पर वे छत से नीचे गिर पड़े, जिससे सिर में गंभीर चोट लगी। मृतक के परिजनों ने शुरुआत में हत्या की आशंका जताई और आरोप लगाया कि युवक के साथ मारपीट की गई, उसे जलाया गया और फिर शव फेंक दिया गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि हादसे के बाद जयंत खन्ना ने घायल आशीष को अस्पताल पहुंचाने में कोई सहयोग नहीं किया। कंपनी के कर्मचारियों ने ही उसके छोटे भाई को सूचना दी, जिसके बाद भाई उसे संजय गांधी अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हालांकि, पुलिस जांच और 24 घंटे बाद आई मेडिकल रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि मौत करंट लगने और ऊंचाई से गिरने के कारण हुई है। पुलिस ने इसे स्पष्ट रूप से दुर्घटना बताया है और किसी आपराधिक पहलू की पुष्टि नहीं की। घटना के बाद मृतक के परिवार में गहरा शोक है और वे न्याय की मांग कर रहे हैं। दूसरी ओर, भाजपा नेता जयंत खन्ना एवं उनके परिवार ने लगे आरोपों को पूरी तरह निराधार करार दिया है।

No comments
Post a Comment